home page

आईआईटी खड़गपुर के 72वें दीक्षांत समारोह का कल होगा भव्य आयोजन, 3,936 विद्यार्थियों को मिलेंगी उपाधियां

 | 
आईआईटी खड़गपुर के 72वें दीक्षांत समारोह का कल होगा भव्य आयोजन, 3,936 विद्यार्थियों को मिलेंगी उपाधियां


खड़गपुर, 03 जुलाई (हि.स.)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान खड़गपुर का 72 व दीक्षांत समारोह शनिवार को आयोजित किया जाएगा। शुक्रवार को संस्थान परिसर में पूर्व-दीक्षांत प्रेस वार्ता भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, खड़गपुर के निदेशक प्रोफेसर सुमन चक्रवर्ती ने संस्थान के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ संबोधित किया। उन्होंने इस वर्ष के दीक्षांत समारोह की प्रमुख विशेषताओं, संस्थान की शैक्षणिक उपलब्धियों और प्लेटिनम जुबली वर्ष के अवसर पर संस्थान की भावी योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान दीक्षांत समारोह की प्रभारी प्रोफेसर गार्गी दास तथा संस्थान के जनसंपर्क अधिकारी भी उपस्थित रहे।

दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में भारत सरकार के शिक्षा तथा पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय के राज्य मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार उपस्थित रहेंगे। वहीं न्यूयॉर्क विज्ञान अकादमी के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, इतिहास और मानवशास्त्र के प्रख्यात विद्वान तथा कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय, बर्कले के पूर्व कुलपति प्रोफेसर निकोलस बी. डर्क्स विशिष्ट अंतरराष्ट्रीय अतिथि और मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करेंगे।

समारोह में पश्चिम बंगाल सरकार के पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास, कृषि विपणन और पशु संसाधन विकास विभाग के मंत्री दिलीप घोष, सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण एवं उद्यानिकी विभाग के मंत्री डॉ. कल्याण चक्रवर्ती, उच्च शिक्षा तथा तकनीकी शिक्षा, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के मंत्री जगन्नाथ चट्टोपाध्याय, भारतीय राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी के अध्यक्ष तथा वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद के पूर्व महानिदेशक प्रोफेसर शेखर सी. मांडे, पश्चिम बंगाल सरकार के मुख्य सचिव मनोज कुमार अग्रवाल, मुख्यमंत्री के सलाहकार तथा भारत सरकार के खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय के पूर्व सचिव डॉ. सुब्रत गुप्ता और संस्थान के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष टी. वी. नरेंद्रन सहित अनेक विशिष्ट अतिथि मौजूद रहेंगे।

इस वर्ष भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान खड़गपुर विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर, शोध और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के अंतर्गत कुल 3,936 उपाधियां प्रदान करेगा। इनमें 539 पीएचडी, 31 एमएस, 908 एमटेक, 163 एमबीए, 801 ड्यूल डिग्री, 628 बीटेक ऑनर्स सहित अनेक पाठ्यक्रमों की उपाधियां शामिल हैं।

मीडिया से बातचीत में निदेशक प्रोफेसर सुमन चक्रवर्ती ने कहा कि प्लेटिनम जुबली वर्ष में आयोजित यह 72वां दीक्षांत समारोह केवल विद्यार्थियों की उपलब्धियों का उत्सव नहीं बल्कि उस गौरवशाली विरासत का उत्सव भी है जिसने पीढ़ियों से नेतृत्व, नवाचार, उद्यमिता और राष्ट्र निर्माण की भावना को प्रेरित किया है। उन्होंने कहा कि संस्थान नवाचार, अनुसंधान, वैश्विक सहयोग और विश्वस्तरीय शिक्षा के जरिए भविष्य के नेतृत्वकर्ताओं को तैयार कर रहा है। यह समारोह संस्थान की 75 वर्ष की गौरवशाली परंपरा, उत्कृष्टता और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का प्रतीक बनेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता