खड़गपुर आईआईटी बंगाली भाषा में शुरू करेगा कृत्रिम मेधा का बीएससी पाठ्यक्रम
खड़गपुर, 21 नवंबर (हि. स.)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खड़गपुर चालू शैक्षणिक सत्र से ही बांग्ला भाषा में कृत्रिम मेधा (एआई) विषय पर विज्ञान स्नातक (बीएससी) पाठ्यक्रम शुरू करने की तैयारी कर रहा है। इस संबंध में जल्द ही संस्थान की सीनेट में प्रस्ताव रखा जाएगा। सीनेट से मंजूरी मिलने के बाद इसी शैक्षणिक सत्र से पाठ्यक्रम शुरू किया जा सकता है। संस्थान के निदेशक प्रो. सुमन चक्रवर्ती ने शनिवार को न्यूटाउन स्थित आईआईटी खड़गपुर के रिसर्च पार्क में संस्थान के 75 वर्ष पूरे होने के मौके पर यह जानकारी दी।
प्रो. चक्रवर्ती ने बताया कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति में मातृभाषा के माध्यम से शिक्षा प्रदान करने पर विशेष जोर दिया गया है। इसी को ध्यान में रखते हुए बांग्ला भाषा में कृत्रिम मेधा का पाठ्यक्रम शुरू करने की योजना बनाई गई है। यह ऑनलाइन पाठ्यक्रम होगा और इसकी पूरी पढ़ाई बांग्ला भाषा में कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि सीनेट से प्रस्ताव पारित होने के बाद इसे चालू शैक्षणिक सत्र से ही शुरू करने का प्रयास किया जाएगा।
शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार भी उपस्थित थे। इस दौरान संस्थान के निदेशक ने बताया कि कार्यक्रम में चार प्रमुख विषयों पर चर्चा की जाएगी। इन चर्चाओं का सार लिखित रूप में केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय को भेजा जाएगा।
उन्होंने कहा कि पारंपरिक शिक्षा और आधुनिक शिक्षा के समन्वय से ऐसी शिक्षण पद्धति विकसित करने की आवश्यकता है, जो विद्यार्थियों के लिए अधिक उपयोगी, रोचक और आकर्षक हो। इसके साथ ही विद्यार्थियों को तकनीक के दुरुपयोग से बचने और उसका उपयोग समाज के हित में करने के लिए भी शिक्षित किया जाना चाहिए। तकनीकी ज्ञान के साथ विद्यार्थियों में अच्छे नागरिक बनने की भावना विकसित करना भी शिक्षा का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

