कम वेतन से नाराज़ आइसीटी स्कूल कोऑर्डिनेटर, मुख्यमंत्री से मिला कोऑर्डिनेटरों का प्रतिनिधिमंडल
कोलकाता, 21 मई (हि. स.)। बंगाल आइसीटी स्कूल कोआडिनेटर वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले स्कूल कोऑर्डिनेटरों का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात करने के लिए सृजनी हॉल के बाहर पहुंचा और अपनी मांगों को लेकर आवाज उठायी।
संगठन के सदस्य स्वरुप पान ने बताया कि वे पश्चिम बंगाल के स्कूलों में छोटे-छोटे बच्चों को कंप्यूटर शिक्षा देने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। इसके बावजूद बीते कई वर्षों से उन्हें उचित पारितोषिक नहीं मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में भी कई बार सरकार के समक्ष अपनी मांगें रखी गईं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला।
प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि राज्य में नई सरकार बनने के बाद उन्हें उम्मीद है कि उनकी समस्याओं पर ध्यान दिया जाएगा। इसी उद्देश्य से वे मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी मांग रखने पहुंचे हैं।
संगठन के अनुसार, पश्चिम बंगाल में करीब 5206 कंप्यूटर शिक्षक कार्यरत हैं, जिन्हें मात्र लगभग दस हजार का पारितोषिक दिया जाता है, जो उनके काम के अनुरूप बेहद कम है। संगठन ने सरकार से वेतन वृद्धि और स्थायी समाधान की मांग करते हुए जल्द कार्रवाई की अपील की है। ---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

