home page

आईसीएसई और आईएससी परीक्षा परिणाम घोषित, छात्राओं का प्रदर्शन बेहतर

 | 
आईसीएसई और आईएससी परीक्षा परिणाम घोषित, छात्राओं का प्रदर्शन बेहतर


कोलकाता, 30 अप्रैल (हि. स.)। लंबे इंतजार के बाद गुरुवार को काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशंस द्वारा आयोजित वर्ष 2026 की दसवीं और बारहवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया गया। निर्धारित समय के अनुसार सुबह लगभग 11 बजे आईसीएसई (दसवीं) और आईएससी (बारहवीं) परीक्षा के परिणाम एक साथ जारी किए गए। इस वर्ष दोनों परीक्षाओं में उत्तीर्ण होने का प्रतिशत 99 प्रतिशत से अधिक रहा। लड़कों की तुलना में लड़कियों का परिणाम बेहतर रहा है।

दसवीं कक्षा की आईसीएसई परीक्षा में इस वर्ष कुल दो लाख 58 हजार 721 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। इनमें से दो लाख 56 हजार 590 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 99.18 रहा। सफल विद्यार्थियों में एक लाख 36 हजार 32 छात्र और एक लाख 20 हजार 558 छात्राएं शामिल हैं। इस वर्ष दो हजार 957 विद्यालयों में दसवीं की परीक्षा आयोजित की गई थी।

वहीं, बारहवीं कक्षा की आईएससी परीक्षा में कुल एक लाख दो हजार 414 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। इनमें 53 हजार 472 छात्र और 48 हजार 942 छात्राएं हैं। इस परीक्षा का उत्तीर्ण प्रतिशत 99.13 रहा। बारहवीं की परीक्षा एक हजार 553 विद्यालयों में आयोजित की गई थी।

परिणाम के आंकड़ों के अनुसार, दोनों परीक्षाओं में छात्राओं का प्रदर्शन छात्रों से बेहतर रहा। आईसीएसई परीक्षा में छात्राओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 99.46 रहा, जबकि छात्रों का 98.93 प्रतिशत रहा। इसी तरह आईएससी परीक्षा में छात्राओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 99.48 रहा, जो छात्रों से अधिक है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता