home page

तूफान में सैकड़ों घर क्षतिग्रस्त, बिजली सेवा ठप

 | 
तूफान में सैकड़ों घर क्षतिग्रस्त, बिजली सेवा ठप


उत्तर दिनाजपुर, 28 मार्च (हि.स.)। जिले के चोपड़ा ब्लॉक में शुक्रवार देर रात आए तेज तूफान और ओलावृष्टि ने भारी तबाही मचाई है। अचानक बदले मौसम के कारण पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। तेज हवाओं और ओलों की मार से सैकड़ों घर क्षतिग्रस्त हो गए, कई घरों की छत उड़ गई और हजारों पेड़ जड़ से उखड़ गए।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, रात के समय 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चली, जिसके साथ जोरदार ओलावृष्टि हुई। इस दोहरे प्रहार से सबसे ज्यादा नुकसान घिरनिगांव ग्राम पंचायत क्षेत्र में हुआ है, जहां कई परिवारों को मजबूर होकर खुले आसमान के नीचे रात गुजारनी पड़ी।

तूफान की वजह से कई जगहों पर पेड़ गिरने से सड़कें जाम हो गई है, जिससे आवागमन बाधित हुआ है। वहीं बिजली व्यवस्था भी पूरी तरह ठप हो गई है।

जानकारी के मुताबिक करीब 100 बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हो गए है, जिससे शुक्रवार रात से ही पूरे ब्लॉक में अंधेरा छाया हुआ है। बिजली विभाग के कर्मचारी युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य में जुटे हुए है।

इस प्राकृतिक आपदा का सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ा है। तेज हवा और ओलावृष्टि के कारण गेहूं और मक्के की फसल बुरी तरह बर्बाद हो गई है। खेतों में लगी फसल पूरी तरह झुक गई है, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार