home page

चलती ट्रेन पर पत्थर फेंकने वाला युवक गिरफ्तार

 | 
चलती ट्रेन पर पत्थर फेंकने वाला युवक गिरफ्तार


खड़गपुर, 10 मई (हि. स.)। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने चलती ट्रेन पर पत्थर फेंकने की घटना में शामिल एक युवक को गिरफ्तार किया है। घटना 13 अप्रैल को बालेश्वर–हल्दीपाड़ा रेलखंड के बीच हमसफर एक्सप्रेस में हुई थी। गिरफ्तार युवक की पहचान विभूति सामल (23) के रूप में हुई है। वह ओडिशा के जाजपुर जिले का रहने वाला है।

रविवार दोपहर रेलवे द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया, पूर्ण आरपीएफ पोस्ट बालेश्वर में इस मामले में 14 अप्रैल को रेलवे अधिनियम 1989 की धारा 153 और 147 के तहत मामला दर्ज किया गया था। गुप्त सूचना के आधार पर नौ मई को आरपीएफ की टीम ने नुनियाझुरी पुल के पास घेराबंदी कर एक आरोपित को पकड़ लिया।

पूछताछ में उसने बताया कि वह ट्रेनों के दरवाजे या फुटबोर्ड के पास खड़े यात्रियों को निशाना बनाकर पत्थर फेंकता था, ताकि उनके हाथ से मोबाइल गिर जाए और वह उसे उठाकर बेच सके।

आरोपित ने यह भी स्वीकार किया कि 13 अप्रैल की रात करीब 9:30 बजे वह शराब पीने के लिए पैसे जुटाने के उद्देश्य से नुनियाझुरी पुल के पास गया था। लेकिन ट्रेन के दरवाजे बंद होने और यात्रियों के पास न होने के कारण उसने गुस्से में चलती ट्रेन पर पत्थर फेंक दिए और वहां से भाग गया।

पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपित को बालेश्वर की अदालत में पेश कर दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता