home page

उत्तर बंगाल में भारी बारिश के आसार, दक्षिण में उमस बरकरार

 | 
उत्तर बंगाल में भारी बारिश के आसार, दक्षिण में उमस बरकरार


कोलकाता, 08 जुलाई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के अधिकांश हिस्सों में बुधवार को मौसम का मिजाज बदला-बदला रहने की संभावना है। मौसम विभाग और क्षेत्रीय मौसम केंद्र, कोलकाता के अनुसार, राज्य में दिनभर आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहेंगे। भारी उमस के बीच हल्की से मध्यम वर्षा तथा कई स्थानों पर गरज और चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, मॉनसूनी हवाओं की सक्रियता और वातावरण में नमी की मात्रा अधिक होने के कारण राज्यभर में उमस का असर बना रहेगा। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। हालांकि हवा में 80 से 90 प्रतिशत तक नमी रहने के कारण वास्तविक तापमान का अनुभव 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक हो सकता है, जिससे लोगों को तेज उमस का सामना करना पड़ सकता है।

मौसम विज्ञानियों के अनुसार, राज्य के विभिन्न जिलों में वर्षा की संभावना 60 से 90 प्रतिशत के बीच बनी हुई है। दक्षिण दिशा से 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलने वाली हवाएं पर्याप्त मात्रा में जलवाष्प लेकर आ रही हैं। इसके प्रभाव से कोलकाता, हावड़ा, हुगली तथा उत्तर और दक्षिण 24 परगना सहित कई जिलों में गरज-चमक के साथ वर्षा होने और कुछ स्थानों पर वज्रपात की आशंका है।

दक्षिण बंगाल के कोलकाता, हावड़ा, जगाचा तथा आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही बादलों की आवाजाही बनी हुई है। विष्णुपुर, बीरभूम, पूर्व मेदिनीपुर और झाड़ग्राम वनक्षेत्रों में भी दोपहर बाद अथवा शाम के समय तेज गर्जना के साथ वर्षा और कहीं-कहीं तेज हवा चलने की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

उत्तर बंगाल में मॉनसून का प्रभाव और अधिक सक्रिय बना हुआ है। दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार तथा कूचबिहार जिलों में मध्यम से भारी वर्षा का दौर जारी रहने का अनुमान है। पर्वतीय और तराई क्षेत्रों में लगातार वर्षा के कारण स्थानीय स्तर पर जलजमाव तथा भूस्खलन जैसी स्थितियां उत्पन्न होने की आशंका भी बनी हुई है।

मौसम विभाग का कहना है कि आगामी कुछ दिनों तक राज्य में मॉनसूनी गतिविधियां बनी रहने की संभावना है और कई जिलों में रुक-रुक कर वर्षा का क्रम जारी रह सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता