दुधिया में बारिश से फिर टूटा ह्यूमपाइप पुल, भारी वाहनों की आवाजाही बंद
सिलीगुड़ी, 11 सितंबर (हि.स.)। पहाड़ों में हुई रातभर की बारिश के बाद बालासन नदी का जलस्तर बढ़ने से दुधिया का ह्यूमपाइप पुल फिर पानी में बह गया। इसके चलते सिलीगुड़ी से मिरिक की ओर जाने वाले भारी वाहनों की आवाजाही फिलहाल बंद हो गई है। हालांकि, सिलीगुड़ी-मिरिक के बीच संपर्क पूरी तरह बाधित नहीं हुआ है।
ह्यूमपाइप पुल के ठीक बगल में सेना की पहल पर बनाया गया ब्रेली पुल मौजूद है, जिससे फिलहाल आवागमन जारी है। बताया जा रहा है कि देर रात नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने के कारण ह्यूमपाइप पुल पानी में बह गया।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष चार अक्टूबर को पहाड़ों में हुई भारी बारिश के कारण बालासन नदी का जलस्तर बढ़ने से दुधिया का लोहे का पुल टूट गया था। इसके बाद तत्कालीन राज्य सरकार की पहल पर 27 अक्टूबर को ह्यूमपाइप पुल का निर्माण किया गया था।
सिलीगुड़ी और मिरिक के बीच यातायात व्यवस्था सामान्य करने के लिए आठ जुलाई को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने वर्चुअली ब्रेली पुल का उद्घाटन किया था। अब ह्यूमपाइप पुल के दोबारा क्षतिग्रस्त होने से एक बार फिर भारी वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

