home page

रेजीनगर उपचुनाव के लिए हुमायूं कबीर के बेटे गुलाम नबी आजाद ने दाखिल किया नामांकन

 | 
रेजीनगर उपचुनाव के लिए हुमायूं कबीर के बेटे गुलाम नबी आजाद ने दाखिल किया नामांकन


कोलकाता, 9 सितंबर (हि.स.)। मुर्शिदाबाद जिले की रेजीनगर विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए जन उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) की ओर से हुमायूं कबीर के बेटे गुलाम नबी आजाद ने बुधवार को नामांकन दाखिल किया। रेजीनगर विधानसभा सीट पर 6 अक्टूबर को उपचुनाव होना है। इस सीट पर हुमायूं कबीर के इस्तीफे के कारण उपचुनाव कराया जा रहा है।

2026 के विधानसभा चुनाव में हुमायूं कबीर ने रेजीनगर सीट से आम जनता उन्नयन पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर एक लाख 23 हजार 536 वोट हासिल कर जीत दर्ज की थी। उन्हें कुल मतों का करीब 51.6 प्रतिशत वोट मिला था। उन्होंने अपने निकटतम भाजपा प्रतिद्वंद्वी बापन घोष को 58 हजार 876 वोटों के बड़े अंतर से हराया था। बापन घोष को 64 हजार 660 वोट मिले थे, जबकि तृणमूल कांग्रेस के अताउर रहमान 41 हजार 718 वोट के साथ तीसरे स्थान पर रहे थे।

हुमायूं कबीर ने 2026 के विधानसभा चुनाव में मुर्शिदाबाद की रेजीनगर और नाओदा, दोनों सीटों से जीत दर्ज की थी। नाओदा में उन्हें 86, हजार 463 वोट मिले थे और उन्होंने भाजपा उम्मीदवार को 27 हजार 943 वोटों के अंतर से हराया था।

दोनों सीटों से जीत हासिल करने के बाद हुमायूं कबीर ने रेजीनगर विधानसभा सीट छोड़ दी। इसके बाद निर्वाचन आयोग ने रेजीनगर और नंदीग्राम सीट पर उपचुनाव के लिए 6 अक्टूबर की तारीख घोषित की है। मतगणना 9 अक्टूबर को होगी।

एजेयूपी ने रेजीनगर से अब हुमायूं कबीर के बेटे गुलाम नबी आजाद को मैदान में उतारा है। पार्टी को उम्मीद है कि 2026 के चुनाव में हुमायूं कबीर को मिली बड़ी जीत के आधार पर वह इस सीट पर अपना प्रदर्शन दोहरा सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर