home page

हुमायूं कबीर ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की सराहना की

 | 
हुमायूं कबीर ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की सराहना की


कोलकाता, 13 मई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल की क्षेत्रीय राजनीतिक पार्टी आम जनता उन्नयन पार्टी के प्रमुख ने बुधवार को राज्य के नवनियुक्त मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि वह जनता के हित में सरकार चलाएंगे।

बंगाल में भाजपा नीत सरकार बनने पर प्रतिक्रिया देते हुए हुमायूं कबीर ने कहा कि विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद मैं बेहद खुश हूं। मेरा मुख्य उद्देश्य ममता बनर्जी की भ्रष्ट सरकार को सत्ता से हटाना था। बंगाल की जनता ने वह काम कर दिखाया और इसके लिए मैं राज्य की जनता को बधाई देता हूं।

पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि राज्य की जनता ने इस बार स्पष्ट रूप से राजनीतिक बदलाव के पक्ष में मतदान किया है।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के बारे में हुमायूं कबीर ने कहा कि उनके पास लंबा राजनीतिक अनुभव है। वह पहले विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भी रह चुके हैं। मुझे विश्वास है कि वह एक सक्षम सरकार चलाएंगे और आम लोगों के हित में काम करेंगे।

उल्लेखनीय है कि शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के पहले भाजपा मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राज्यपाल आर. एन. रवि ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

नई मंत्रिपरिषद में शुभेंदु अधिकारी के साथ दिलीप घोष, अग्निमित्रा पाल, अशोक कीर्तनिया, खुदीराम टुडू और निशीथ प्रामाणिक ने भी मंत्री पद की शपथ ली।

शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कई केंद्रीय मंत्री, एनडीए नेता और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहे।

57 वर्षीय शुभेंदु अधिकारी ने हालिया विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम और भवानीपुर—दोनों सीटों से जीत दर्ज की। भवानीपुर सीट पर उन्होंने ममता बनर्जी को 15 हजार 115 मतों के अंतर से हराया। पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत को राज्य की राजनीति में एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय