स्टिंग वीडियो मामले में हुमायूं कबीर ने कलकत्ता हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया
कोलकाता, 17 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले हुमायूं कबीर के कथित स्टिंग वीडियो को लेकर राज्य की राजनीति में घमासान तेज हो गया है। अब इस वीडियो की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर आम जनता उन्नयन पार्टी के संस्थापक हुमायूं कबीर ने कलकत्ता उच्च न्यायालय में याचिका दायर की है।
शुक्रवार को न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य की पीठ में मामला दायर किया गया। याचिकाकर्ता का आरोप है कि उनकी छवि खराब करने के लिए साजिश के तहत यह वीडियो तैयार कर प्रसारित किया गया। उन्होंने अदालत से मामले की जांच के निर्देश देने की मांग की है। इस मामले में 22 अप्रैल को सुनवाई होने की संभावना है।
उल्लेखनीय है कि नौ अप्रैल को हुमायूं कबीर का एक कथित स्टिंग वीडियो सामने आया था। वीडियो में उन्हें किसी भाजपा नेता से बातचीत करते हुए सुना गया। कथित बातचीत में हुमायूं कबीर यह कहते सुनाई देते हैं कि वह किसी भी कीमत पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को सत्ता से हटाना चाहते हैं।
वीडियो में यह भी दावा किया गया कि उनकी पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी से बातचीत हुई है और उन्हें दिल्ली ले जाकर केंद्रीय नेतृत्व से मिलाने की बात कही गई थी। साथ ही प्रधानमंत्री कार्यालय तथा मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव से संपर्क होने का भी उल्लेख किया गया।
कथित वीडियो में हुमायूं कबीर को यह कहते हुए भी सुना गया कि यदि मुस्लिम मतदाता ममता बनर्जी से दूर होते हैं, तो हिंदू मतदाता स्वतः भाजपा की ओर चले जाएंगे।
इस वीडियो के सामने आने के बाद राज्य की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। अब सबकी नजर मामले की सुनवाई पर टिकी है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

