home page

तीन बार चेक बाउंस होने के बाद मोहम्मडन स्पोर्टिंग क्लब के अध्यक्ष पद से हटाए गए विधायक हुमायूं कबीर

 | 
तीन बार चेक बाउंस होने के बाद मोहम्मडन स्पोर्टिंग क्लब के अध्यक्ष पद से हटाए गए विधायक हुमायूं कबीर


कोलकाता, 06 अगस्त (हि. स.)। लगातार तीन बार 1.5 करोड़ रुपये का चेक बाउंस होने के बाद मोहम्मडन स्पोर्टिंग क्लब ने अपने अध्यक्ष एवं नाओदा के विधायक हुमायूं कबीर को अध्यक्ष पद से हटा दिया है। क्लब ने गुरुवार को यह निर्णय लिया।

जानकारी के अनुसार, अध्यक्ष बनने के बाद हुमायूं कबीर ने क्लब की आर्थिक स्थिति सुधारने और लगभग 13 करोड़ रुपये के कर्ज से उबारने का वादा किया था। इसी क्रम में उन्होंने क्लब को 1.5 करोड़ रुपये का एक चेक सौंपा था। हालांकि, बैंक खाते में पर्याप्त धनराशि नहीं होने के कारण वह चेक एक या दो नहीं, बल्कि लगातार तीन बार बाउंस हो गया। चेक बाउंस होने के बाद क्लब प्रबंधन ने हुमायूं कबीर को कानूनी नोटिस जारी करते हुए 15 दिनों के भीतर भुगतान करने को कहा था। नोटिस में स्पष्ट किया गया था कि निर्धारित समय सीमा के भीतर राशि का भुगतान नहीं होने पर उनके विरुद्ध दीवानी और आपराधिक दोनों प्रकार की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सूत्रों के अनुसार, तीन बार चेक बाउंस होने के बाद भी हुमायूं कबीर ने क्लब पदाधिकारियों को जल्द भुगतान का आश्वासन दिया था, लेकिन वह आश्वासन भी पूरा नहीं हुआ। इससे क्लब के पदाधिकारियों और समर्थकों में नाराजगी बढ़ गई।

क्लब का मानना है कि आर्थिक संकट दूर करने के वादे के आधार पर हुमायूं कबीर को अध्यक्ष बनाया गया था, लेकिन लगातार चेक बाउंस होने और वादे पूरे नहीं होने से क्लब की छवि को नुकसान पहुंचा। इसी कारण क्लब ने उन्हें अध्यक्ष पद से हटाने का निर्णय लिया।

फिलहाल इस मामले में हुमायूं कबीर की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय