भड़काऊ बयान मामले में टीएमसी विधायक हुमायूं कबीर रेजिनगर थाने पहुंचे, शक्तिपुर पुलिस ने घर पर थमाया नया नोटिस
मुर्शिदाबाद, 14 जुलाई (हि.स.)। भड़काऊ बयानों से जुड़े दो अलग-अलग मामलों में विधायक हुमायूं कबीर के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। मंगलवार को वह निर्धारित समय पर रेजिनगर थाना पहुंचे, जबकि इसी दौरान शक्तिपुर थाना पुलिस उनके घर पहुंचकर 19 जुलाई को थाने में उपस्थित होने का नोटिस सौंपी गई।
हुमायूं कबीर मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ रेजिनगर थाने पहुंचे। इसी समय शक्तिपुर थाना पुलिस उनके मानिक्यहार स्थित आवास पर पहुंची और परिवार के सदस्यों को नोटिस सौंपा।
हुमायूं कबीर के खिलाफ दो अलग-अलग मामलों में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पहला मामला 26 जून को रेजिनगर के काशीपुर हटतला में आयोजित एक जनसभा से जुड़ा है, जहां भाजपा को चेतावनी देते हुए उनके कथित भड़काऊ बयान को लेकर मामला दर्ज किया गया।
दूसरा मामला शक्तिपुर थाना क्षेत्र के गढ़दुआर घाट के पास आयोजित एक विजय रैली से जुड़ा है, जहां उन पर प्रशासन के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक और भड़काऊ टिप्पणी करने का आरोप है।
हुमायूं कबीर के इन बयानों पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भी विधानसभा में कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उन्हें संयम बरतने की सलाह दी थी।
इससे पहले हुमायूं कबीर 3 जुलाई को शक्तिपुर थाने में पेश नहीं हुए थे, जबकि 4 जुलाई को उन्होंने रेजिनगर थाने में उपस्थित होकर करीब चार घंटे तक पूछताछ का सामना किया था। इसके बाद रेजिनगर पुलिस ने उन्हें 15 जुलाई को फिर से उपस्थित होने का नोटिस जारी किया था।
मंगलवार को थाने जाने से पहले हुमायूं कबीर ने पुलिस कार्रवाई की आलोचना की। दूसरी ओर, शक्तिपुर पुलिस ने पहले के समन का पालन नहीं करने पर उन्हें 19 जुलाई को थाने में उपस्थित होने का नया नोटिस जारी किया। दोनों मामलों की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

