home page

राजनीतिक संकट के बीच ममता बनर्जी के समर्थन में आए हुमायूं कबीर

 | 
राजनीतिक संकट के बीच ममता बनर्जी के समर्थन में आए हुमायूं कबीर


कोलकाता, 16 जून (हि. स.)। पश्चिम बंगाल की राजनीति में तृणमूल कांग्रेस की स्थिति को लेकर जारी चर्चाओं के बीच पूर्व तृणमूल विधायक और आमजनता उन्नयन पार्टी के संस्थापक हुमायूं कबीर ने एक बार फिर ममता बनर्जी के प्रति समर्थन जताया है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर वह ममता बनर्जी के साथ खड़े होने को तैयार हैं।

हुमायूं कबीर ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के कई विधायक और सांसद अब पार्टी नेतृत्व से दूरी बना चुके हैं। उनके अनुसार, पार्टी इस समय गंभीर राजनीतिक संकट से गुजर रही है और ऐसे समय में वह चाहते हैं कि ममता बनर्जी सक्रिय राजनीति में बनी रहें।

उन्होंने कहा, “मैं चाहता हूं कि ममता बनर्जी राजनीति में रहें। अगर वह चाहें तो मुझे अपने साथ शामिल कर सकती हैं। इसमें कोई समस्या नहीं है।”

उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष के अंत में हुमायूं कबीर को तृणमूल कांग्रेस से निष्कासित कर दिया गया था। इसके बाद उन्होंने अपनी अलग राजनीतिक पार्टी बनाई थी और राज्य की तत्कालीन तृणमूल सरकार के खिलाफ खुलकर अभियान भी चलाया था।

हालांकि अब बदले राजनीतिक हालात के बीच उन्होंने फिर से ममता बनर्जी के प्रति सहयोग की इच्छा जताई है। इससे पहले भी हुमायूं कबीर ने कहा था कि यदि ममता बनर्जी चुनाव लड़ना चाहें तो वह अपनी रेजिनगर विधानसभा सीट छोड़कर उन्हें विधानसभा भेजने के लिए तैयार हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता