home page

विवादित ऑडियो मामले में हुमायूं कबीर से बहरामपुर थाने में साढ़े चार घंटे से अधिक पूछताछ

 | 

मुर्शिदाबाद , 23 सितंबर (हि.स.)।

आम जनता उन्नयन पार्टी के नेता और नौदा के विधायक हुमायूं कबीर से विवादित ऑडियो मामले में बुधवार को बहरामपुर थाने में पुलिस ने साढ़े चार घंटे से अधिक पूछताछ की।

पूछताछ के बाद मीडिया से रूबरू हुए हुमायूं कबीर ने बताया कि पूछताछ के दौरान उनसे चार सौ से अधिक सवाल किए गए। थाने से बाहर निकलने के बाद उन्होंने मीडिया के सामने पुलिस प्रशासन और भाजपा सहित विरोधी राजनीतिक खेमों पर जमकर निशाना साधा।

हुमायूं कबीर ने आरोप लगाया कि उन्हें बेवजह परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस को आम लोगों की सेवा के लिए काम करना चाहिए, लेकिन वर्तमान समय में पुलिस राजनीतिक दबाव में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी के कार्यकाल में पुलिस पर राजनीतिक दल के लिए काम करने के आरोप लगते थे और अब पांच महीने के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के कार्यकाल में भी पुलिस की स्थिति ऐसी हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न स्थानों पर पुलिस उनके समर्थकों और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर रही है

पुलिस पूछताछ को लेकर हुमायूं कबीर ने बताया कि 21 सितंबर को भी उनसे करीब साढ़े चार घंटे तक पूछताछ की गई थी और बुधवार को उन्हें दोबारा थाने बुलाया गया। उन्होंने दावा किया कि इस दौरान पुलिस ने उनसे चार सौ से अधिक सवाल किए। उनका कहना है कि इस तरह बार-बार पूछताछ किए जाने से उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है।

वायरल ऑडियो के संबंध में हुमायूं कबीर ने कहा कि उन्हें एक व्यक्ति ने फोन कर कुछ प्रस्ताव दिया था, लेकिन उन्होंने उसे स्वीकार नहीं किया। उन्होंने दावा किया कि उन्हें किसी साजिश में शामिल करने की कोशिश की गई थी। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि फोन करने वाले व्यक्ति को वह ठीक से नहीं जानते हैं। इस मामले में पुलिस की जांच जारी है।

गौरतलब है कि रेजीनगर उपचुनाव से पहले कथित विवादित ऑडियो मामले में पुलिस ने हुमायूं कबीर को पूछताछ के लिए बुलाया था। इससे पहले 21 सितंबर को भी उनसे कई घंटे तक पूछताछ हुई थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा