मानव तस्करी और अनुबंधित श्रमिकों की सुरक्षा पर जागरूकता कार्यशाला
पूर्व मेदिनीपुर, 12 अगस्त (हि. स.)। पूर्व मेदिनीपुर जिला पुलिस की पहल पर काजला जनकल्याण समिति और इंटरनेशनल जस्टिस मिशन के सहयोग से बुधवार को मानव तस्करी और अनुबंधित श्रमिकों के विषय पर महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में मानव तस्करी की रोकथाम, अनुबंधित श्रमिकों के अधिकार एवं सुरक्षा, बच्चों की सुरक्षा तथा मानव तस्करी से जुड़े अपराधों से निपटने में पुलिस की भूमिका और आवश्यक कदमों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यशाला में पूर्व मेदिनीपुर के जिला पुलिस अधीक्षक अंशुमान साहा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्यामल कुमार, डीएसपी डीईबी सुमन कुमार जयसवाल, इंटरनेशनल जस्टिस मिशन के संभागीय प्रमुख पापन मंडल, काजला जनकल्याण समिति के निदेशक स्वपन मंडल, अधिवक्ता पियाली मुखर्जी सहित जिले के प्रत्येक थाने के बाल मित्र पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया।
कार्यशाला के दौरान मानव तस्करी की रोकथाम और उससे जुड़े अपराधों के प्रभावी मुकाबले के लिए पुलिस की जिम्मेदारियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही अनुबंधित श्रमिकों के अधिकारों और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के उपायों पर भी चर्चा हुई।
बच्चों को मानव तस्करी तथा अन्य प्रकार के शोषण से बचाने के लिए आवश्यक सावधानियों और सुरक्षा उपायों को लेकर भी प्रतिभागियों को जागरूक किया गया। मानव तस्करी से जुड़े मामलों में समय पर कार्रवाई, पीड़ितों की सुरक्षा तथा कानून के अनुरूप प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यशाला में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि मानव तस्करी की रोकथाम तथा बच्चों और श्रमजीवी लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस, सामाजिक संगठनों और अन्य संबंधित पक्षों के बीच समन्वित प्रयास आवश्यक हैं। जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ प्रभावी कानूनी कार्रवाई के माध्यम से मानव तस्करी और श्रमिकों के शोषण को रोकने की दिशा में लगातार प्रयास करने का आह्वान किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

