चुनाव के बाद हिंसा, खानाकुल में तृणमूल कार्यकर्ता पर हमले का आरोप
हुगली, 09 मई (हि. स.)। जिले के खानाकुल में एक बार फिर चुनाव के बाद हिंसा के आरोप भाजपा नेता पर लगा हैं। इस मामले को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। आरोप है कि एक महिला तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ता पर हमला किया गया। बताया गया है कि पीड़ित महिला पेशे से फुचका विक्रेता हैं।
तृणमूल कांग्रेस का आरोप है कि शनिवार को जब महिला इलाके में फुचका बेचने गई थीं, तभी स्थानीय भाजपा नेता कार्तिक घोड़ा ने उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि उनके साथ मारपीट की गई और उनका फुचका का बॉक्स भी तोड़ दिया गया। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया।
खानाकुल से तृणमूल उम्मीदवार पलाश राय ने कहा कि चुनाव परिणाम आने के बाद से लगातार विपक्षी कार्यकर्ताओं और समर्थकों पर अत्याचार किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अब गरीब फुचका विक्रेता महिला को भी नहीं छोड़ा गया। उनका कहना है कि थाने में शिकायत दर्ज कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
दूसरी तरफ भाजपा ने सभी आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

