home page

तृणमूल कांग्रेस कार्यालय से करोड़ रुपये की बरामदगी 'मामले में विधायक शमीम अहमद ने सीबीआई जांच के लिए हाईकोर्ट में दी अर्जी, जताई गिरफ्तारी की आशंका

 | 

कोलकाता, 13 नवंबर (हि. स.)। डायमंड हार्बर के सरिषा स्थित तृणमूल कांग्रेस कार्यालय से करोड़ों रुपये बरामद होने की घटना को 'पूर्व नियोजित' बताते हुए मगराहाट पश्चिम के विधायक शमीम अहमद ने मामले की सीबीआई जांच के लिए कलकत्ता उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है। इसके साथ ही उन्होंने कैनिंग पश्चिम के विधायक परेशराम दास की तरह खुद की गिरफ्तारी की आशंका भी जताई है। गौरतलब है कि बुधवार को ही प्रशासन ने मगराहाट पश्चिम के विधायक की सुरक्षा में कटौती करते हुए उनके चार सुरक्षाकर्मियों को वापस बुला लिया था, जिसे लेकर राजनीतिक घमासान जारी है।

शमीम अहमद का दावा है कि सुरक्षा में कटौती के बाद से ही वह अपनी गिरफ्तारी को लेकर आशंकित हैं। उन्हें डर है कि कैनिंग पश्चिम के विधायक परेशराम के खिलाफ पुलिस ने जैसी कार्रवाई की है, वैसी ही कार्रवाई उनके खिलाफ भी हो सकती है।

अपने राजनीतिक रुख को स्पष्ट करते हुए विधायक ने कहा कि उन्होंने विपक्ष के नेता के रूप में ऋतब्रत बनर्जी का समर्थन किया था और उनके साथ थे, लेकिन जब उन्हें एहसास हुआ कि यह पार्टी को तोड़ने और चुनाव चिह्न छीनने की साजिश है, तो उन्होंने अपनी गलती मान ली। मगराहाट पश्चिम के विधायक ने चुनाव आयोग को हलफनामा सौंपकर यह भी स्पष्ट कर दिया है कि वह ऋतब्रत के गुट 'लोकतांत्रिक तृणमूल' के नहीं, बल्कि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल के विधायक हैं। इस घटनाक्रम के बाद से ही शमीम अहमद लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं।

शमीम अहमद का आरोप है कि ऋतब्रत खेमा छोड़कर ममता बनर्जी के खेमे में शामिल होने के कारण ही प्रशासन उनके खिलाफ कार्रवाई कर रहा है। सुरक्षा हटाए जाने को उन्होंने इसी का एक उदाहरण बताया है। इसके अलावा, विधायक ने एक गंभीर दावा करते हुए कहा कि एक नवंबर को डायमंड हार्बर थाने के आईसी ने उन्हें फोन कर बताया था कि एसपी साहब उनसे मिलना चाहते हैं। अगले दिन जब वह डायमंड हार्बर पुलिस जिले के अधीक्षक से मिले, तो उन पर डायमंड हार्बर के सांसद अभिषेक बनर्जी और उनके गिरफ्तार किए गए निजी सचिव सुमित रॉय के खिलाफ बयान देने का दबाव बनाया गया, जिससे उन्होंने इनकार कर दिया था। शमीम ने पहले ही कहा था कि वे इस पूरे मामले को लेकर अदालत का रुख करेंगे, और अब उन्होंने कलकत्ता उच्च न्यायालय में एक रिट याचिका दायर कर दी है।

उल्लेखनीय है कि चार नवंबर को पुलिस ने डायमंड हार्बर के सरिषा में तृणमूल के एक कार्यालय पर छापा मारा था, जहां से एक करोड़ दो लाख 79 हजार रुपये नकद बरामद हुए थे। पुलिस ने दावा किया था कि यह रकम अभिषेक बनर्जी के निजी सचिव सुमित रॉय से पूछताछ के आधार पर बरामद की गई है। इस मामले में सुमित की पत्नी सुष्मिता रॉय पहले ही हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटा चुकी हैं। उनका कहना है कि डायमंड हार्बर में बरामद पैसे से उनके पति का कोई लेना-देना नहीं है और सुमित को फंसाने के लिए पैसे मिलने की घटना गढ़ी गई है।

सुष्मिता ने यह भी आरोप लगाया था कि पुलिस पूछताछ के दौरान सुमित से जबरन कबूलनामा उगलवाने की कोशिश कर रही है। अब विधायक शमीम अहमद ने भी इसी 'साजिश' के सिद्धांत को दोहराते हुए मामले को और गरमा दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गंगा