हावड़ा स्टेशन पर 24 नंबर प्लेटफार्म प्रारंभ, 26 डिब्बों वाली रेलगाड़ियां भी लग सकेंगी
कोलकाता, 27 जुलाई (हि. स.)। यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के उद्देश्य से हावड़ा स्टेशन पर सोमवार को 24 नंबर नए प्लेटफार्म का औपचारिक शुभारंभ कर दिया गया। इस प्लेटफार्म को सोमवार से यात्रियों के लिए खोल दिया गया है। रेलवे के अनुसार, इस प्लेटफार्म पर 24 तथा 26 डिब्बों वाली लंबी दूरी की रेलगाड़ियां भी आसानी से लग सकेंगी।
अब तक हावड़ा स्टेशन का सबसे लंबा प्लेटफार्म संख्या-नौ था। हालांकि, लंबी दूरी की रेलगाड़ियों में चढ़ने और उतरने के दौरान यात्रियों को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इसी समस्या के समाधान के लिए रेलवे ने नए प्लेटफार्म के निर्माण का निर्णय लिया था। सोमवार को इसका औपचारिक उद्घाटन कर इसे यात्री सेवा के लिए समर्पित कर दिया गया।
रेलवे सूत्रों के अनुसार, इस प्लेटफार्म का निर्माण मुख्य रूप से लंबी दूरी की रेलगाड़ियों के संचालन को ध्यान में रखकर किया गया है। लगभग तीन करोड़ रुपये की लागत से तैयार किए गए इस प्लेटफार्म की लंबाई 635 मीटर है, जो हावड़ा स्टेशन के सबसे लंबे प्लेटफार्मों में शामिल है। यहां 24 तथा 26 डिब्बों वाली लंबी दूरी की रेलगाड़ियां आसानी से खड़ी हो सकेंगी।
रेलवे का मानना है कि नए प्लेटफार्म के प्रारंभ होने से स्टेशन के अन्य प्लेटफार्मों पर दबाव कम होगा और रेल परिचालन अधिक सुगम बनेगा। सोमवार सुबह उद्घाटन के बाद दोपहर से इस प्लेटफार्म पर नियमित रेल सेवाएं प्रारंभ कर दी गईं। रेलवे ने संकेत दिया है कि भविष्य में यात्रियों की संख्या बढ़ने पर यहां आधारभूत सुविधाओं का और विस्तार किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि इसी माह पूर्व रेलवे ने हावड़ा मंडल में रेल आधारभूत संरचना के व्यापक विकास की घोषणा की थी। इसके अंतर्गत नई रेल सेवाएं प्रारंभ करने तथा कई प्लेटफार्मों के विस्तार की योजना पर कार्य चल रहा है। वर्तमान में 10-11 तथा 12-13 नंबर प्लेटफार्मों के विस्तार का कार्य प्रगति पर है। साथ ही 16 नंबर प्लेटफार्म का निर्माण भी जारी है। हालांकि, रेलवे अधिकारियों के अनुसार इन प्लेटफार्मों को यात्री सेवा के लिए शुरू होने में अभी कुछ समय लगेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

