हावड़ा के बांकड़ा बाजार में भीषण आग, पांच दुकानें जलकर राख
हावड़ा, 19 नवंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले के बांकड़ा बाजार में बुधवार देर रात भीषण आग लगने से पांच दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकानदारों को अपना सामान बचाने का अवसर तक नहीं मिला। दुकानों में रखा फल और अन्य सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। इस घटना में भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात करीब 2:30 बजे बाजार की फलों की दुकानों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते लपटों ने आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में एक के बाद एक पांच दुकानें आग की चपेट में आ गईं। घटना के बाद बाजार इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक पांचों दुकानें पूरी तरह जल चुकी थीं। आग बुझने के बाद दुकानदारों को अपनी दुकानों में बचा हुआ सामान तलाशते देखा गया।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। साथ ही नुकसान की कुल राशि के संबंध में भी विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
उल्लेखनीय है कि हावड़ा जिले में हाल के दिनों में आग लगने की कई घटनाएं सामने आई हैं। गत 13 नवंबर को बाली हॉल्ट बस स्टैंड के नीचे चार से पांच दुकानों में आग लग गई थी। हालांकि, अग्निशमन कर्मियों की तत्परता से पास में खड़ी मालगाड़ी को सुरक्षित बचा लिया गया था। इससे पहले अक्टूबर में हावड़ा के चटर्जीपाड़ा इलाके के एक होटल में भी आग लगने की घटना हुई थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

