हावड़ा जिला अस्पताल का 100 बिस्तरों वाला आठ मंजिला भवन जल्द होगा शुरू, मंत्री ने किया निरीक्षण
हावड़ा, 20 नवंबर (हि. स.)। हावड़ा जिला अस्पताल में निर्माणाधीन 100 शय्या वाले क्रिटिकल केयर यूनिट (सीसीयू) भवन का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो गया है। जल्द ही इस नए भवन में चिकित्सा सेवाएं शुरू होने की संभावना है। शुक्रवार को राज्य के नगरपालिका एवं शहरी विकास विभाग के राज्य मंत्री उमेश राय ने अस्पताल पहुंचकर नवनिर्मित भवन का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के बाद मंत्री ने कहा कि आने वाले दिनों में अस्पताल की चिकित्सा सेवाओं और समग्र व्यवस्था को और बेहतर, व्यवस्थित एवं सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। इस दौरान हावड़ा जिला अस्पताल के अधीक्षक शुभाशिष शी ने मंत्री को नए भवन का निरीक्षण कराया।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, नए सीसीयू भवन के लिए आधुनिक चिकित्सा उपकरण खरीदे जाएंगे। इसके साथ ही यहां कैथ लैब भी तैयार की जाएगी। इस भवन के निर्माण के लिए राज्य सरकार ने करीब 46 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। इसमें भवन निर्माण पर लगभग 30.55 करोड़ रुपये, चिकित्सा उपकरणों की खरीद पर 13 करोड़ 95 लाख रुपये और प्रयोगशाला निर्माण पर एक करोड़ 25 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। करीब आठ मंजिला इस भवन का निर्माण राज्य सरकार के लोक निर्माण विभाग की ओर से किया जा रहा है। इसी भवन में एकीकृत जनस्वास्थ्य प्रयोगशाला भी बनाई जा रही है।
उल्लेखनीय है कि हावड़ा जिला अस्पताल में पहले से 12 शय्या वाला क्रिटिकल केयर यूनिट है। कोरोना महामारी के दौरान इसकी क्षमता बढ़ाकर 24 शय्या कर दी गई थी। मौजूदा सीसीयू की व्यवस्था के साथ अब 100 अतिरिक्त शय्याओं वाला नया भवन तैयार किया गया है।
वर्तमान में हावड़ा जिला अस्पताल में स्वीकृत शय्याओं की संख्या 650 है, जिनमें से 516 शय्याओं पर मरीजों का उपचार किया जा रहा है। अस्पताल की बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) की सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है। यहां किडनी रोग विशेषज्ञ चिकित्सक की नियुक्ति की गई है। इसके अलावा हृदय रोग विभाग की सुविधाओं और बुनियादी ढांचे को भी बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
इससे पहले अस्पताल के अधीक्षक ने राज्य सरकार को पत्र लिखकर अस्पताल के बुनियादी ढांचे में सुधार के लिए आवश्यक सुविधाओं की जानकारी दी थी। इसके बाद सरकार की ओर से अस्पताल के विकास के लिए सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। नए 100 शय्या वाले सीसीयू भवन के शुरू होने से हावड़ा जिला अस्पताल की चिकित्सा सुविधाओं और मरीजों के उपचार की क्षमता में और वृद्धि होने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

