हावड़ा में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई गई देव दीपावली, स्वामी चिदानंद सरस्वती व वित्तमंत्री स्वपन दासगुप्ता हुए शामिल
हावड़ा, 25 नवंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के हावड़ा स्थित सेठ बंसीधर जालान स्मृति मंदिर में देव दीपावली का भव्य एवं आध्यात्मिक आयोजन संपन्न हुआ। परमार्थ पीठाधीश्वर स्वामी चिदानंद सरस्वती के सान्निध्य में आयोजित इस समारोह में पश्चिम बंगाल के वित्तमंत्री स्वपन दासगुप्ता सहित कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान परमार्थ गुरुकुल के ऋषिकुमारों द्वारा की गई आरती और वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा परिसर गूंज उठा।
इस अवसर पर स्वामी चिदानंद सरस्वती ने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना और आरती कर विश्व शांति, कल्याण एवं समृद्धि की कामना की। समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि देव दीपावली भीतर की चेतना, करुणा, सद्भाव और मानवता को जागृत करने का पावन अवसर है। उन्होंने कहा, जिस प्रकार एक दीपक स्वयं जलकर दूसरों के जीवन को प्रकाशित करता है, वही भारतीय संस्कृति का मूल दर्शन है, स्वयं प्रकाशित हों और दूसरों के जीवन को भी आलोकित करें।
स्वामी चिदानंद सरस्वती ने कहा कि काशी से लेकर मां गंगा के तटों तक देव दीपावली का पर्व भारत की सनातन आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक है। यह पर्व संदेश देता है कि जीवन का वास्तविक सौंदर्य बाहरी प्रकाश में नहीं, बल्कि अंतर्मन की पवित्रता, व्यवहार की विनम्रता और सेवा भाव में निहित है। समाज में बढ़ते तनाव और दूरियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आज विश्व को प्रेम, विश्वास और सद्भाव की आवश्यकता है। जिस तरह एक दीप से हजारों दीप जलाए जा सकते हैं, उसी प्रकार एक व्यक्ति का सकारात्मक विचार और छोटा-सा सेवा कार्य समाज में व्यापक परिवर्तन ला सकता है।
युवाओं का आह्वान करते हुए उन्होंने अपनी जड़ों, संस्कृति और संस्कारों से जुड़े रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि आधुनिकता और आध्यात्मिकता एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं; जब देश की युवा पीढ़ी आधुनिक ज्ञान, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और सनातन मूल्यों का समन्वय करेगी, तभी एक समर्थ और संस्कारवान भारत का निर्माण होगा।
समारोह में उपस्थित वित्तमंत्री स्वपन दासगुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि भारत की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराएं राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता की आधारशिला हैं। दीपों की रोशनी के बीच संपन्न हुए इस आयोजन में सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और विश्व कल्याण का संदेश दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गंगा

