home page

टीएमटी सरिया सप्लाई के नाम पर 50 लाख रुपये की साइबर ठगी, हावड़ा पुलिस ने किया गिरफ्तार

 | 
टीएमटी सरिया सप्लाई के नाम पर 50 लाख रुपये की साइबर ठगी, हावड़ा पुलिस ने किया गिरफ्तार


हावड़ा, 20 अगस्त (हि. स.)। टीएमटी सरिया सप्लाई करने के नाम पर कथित तौर पर 50 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले का हावड़ा सिटी पुलिस के साइबर थाना ने खुलासा करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान 25 वर्षीय स्नेहाशीष मन्ना उर्फ नाट्रो, जो पूर्व मेदिनीपुर जिलान्तर्गत दक्षिण मेचोग्राम निवासी के रूप में हुई है।

गुरुवार को पुलिस की ओर से मिली जानकारी अनुसार, शिकायतकर्ता ने ऑनलाइन प्राप्त एक मोबाइल नंबर के जरिए एक व्यक्ति से संपर्क किया था। उक्त व्यक्ति ने खुद को टीएमटी सरिया का दलाल बताते हुए माल उपलब्ध कराने की पेशकश की। उसके झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने अग्रिम भुगतान के तौर पर उसके बताए बैंक खाते में 50 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। हालांकि, इसके बाद न तो टीएमटी सरिया की आपूर्ति की गई और न ही रकम वापस की गई। शिकायत मिलने के बाद हावड़ा सिटी पुलिस के साइबर थाना ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान साइबर थाना की एक टीम ने पूर्व मेदिनीपुर के पांशकुड़ा थाना पुलिस की सहायता से छापेमारी कर स्नेहाशीष मन्ना को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपित के कब्जे से 20 लाख 40 हजार रुपये नकद, 17 डेबिट कार्ड, दो सिम कार्ड वाला एक मोबाइल फोन, जियो के तीन सीलबंद पैकेट में रखे अप्रयुक्त सिम कार्ड, चार इस्तेमाल किए गए जियो सिम कार्ड और एक मूल एसबीआई चेक लीफ बरामद किया।

इसके अतिरिक्त, अदालत के आदेश के बाद कथित लाभार्थी के बैंक खाते में मौजूद 25 लाख 98 हजार रुपये को होल्ड कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में इससे पहले सात अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार किया जा चुका है और वे फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।

हावड़ा सिटी पुलिस ने कहा कि साइबर अपराधों का पता लगाने, ठगी की रकम का पता लगाकर उसे सुरक्षित कराने और साइबर अपराधियों को कानून के शिकंजे में लाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने लोगों से ऑनलाइन लेन-देन के दौरान सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध प्रस्ताव पर बिना सत्यापन के रकम ट्रांसफर नहीं करने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय