home page

सरकारी अस्पतालों में फेरीवालों के प्रवेश पर प्रतिबंध, स्वास्थ्य विभाग ने जारी किए कड़े दिशा-निर्देश

 | 
सरकारी अस्पतालों में फेरीवालों के प्रवेश पर प्रतिबंध, स्वास्थ्य विभाग ने जारी किए कड़े दिशा-निर्देश


कोलकाता, 24 नवंबर (हि. स.)। मरीजों के स्वास्थ्य और स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पश्चिम बंगाल स्वास्थ्य विभाग ने राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत अब किसी भी सरकारी अस्पताल परिसर के भीतर इनडोर पेशेंट डिपार्टमेंट (आईपीडी) और आउटडोर पेशेंट डिपार्टमेंट (ओपीडी) में फेरीवालों, विक्रेताओं और दुकानदारों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी लिखित अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि अस्पताल परिसरों में स्वच्छता और स्वास्थ्य नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। इस आदेश के बाद मंगलवार सुबह से ही विभिन्न सरकारी अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है तथा फेरीवालों के प्रवेश पर पैनी नजर रखी जा रही है।

गौरतलब है कि राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने एसएसकेएम अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की थी।

बताया जाता है कि उस दौरान कई मरीजों के परिजनों ने मुख्यमंत्री से शिकायत की थी कि अस्पताल परिसर से मोबाइल चोरी की घटनाएं आम हो गई हैं और कई लोग मरीजों के रिश्तेदार बनकर ओपीडी की कतारों में घूमते रहते हैं, जिससे इलाज कराने आने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इन शिकायतों के सामने आते ही स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया और यह कड़ा कदम उठाया।

नए दिशा-निर्देशों में मरीजों की सुरक्षा और उनकी निजता को भी विशेष महत्व दिया गया है। अस्पतालों के ओपीडी में प्रतिदिन मरीजों की भारी भीड़ उमड़ती है, जिसमें फेरीवालों की मौजूदगी से अव्यवस्था और बढ़ जाती है। इसके अलावा, कई बार संक्रामक रोगों से पीड़ित मरीज भी ओपीडी में आते हैं, ऐसे में फेरीवालों की बेरोकटोक आवाजाही से संक्रमण फैलने (क्रॉस-कंटैमिनेशन) का खतरा बना रहता है। इन्हीं समस्याओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा उठाया गया यह कदम अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता