मोदी के जन्मदिन पर अनोखा तोहफा, कूचबिहार की गृहिणी ने बनाई प्रधानमंत्री की तीन लघु प्रतिमाएं
कूचबिहार, 17 सितंबर (हि. स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर कूचबिहार की एक गृहिणी ने अनोखे अंदाज में अपनी कला का प्रदर्शन किया है। न्यू बाजार इलाके की रहने वाली सोमा मुखर्जी ने करीब तीन महीने की मेहनत और बारीक कारीगरी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तीन बेहद छोटी प्रतिमाएं तैयार की है। इनमें एक प्रतिमा की ऊंचाई चार सेंटीमीटर, दूसरी की 2.2 सेंटीमीटर और तीसरी तथा सबसे छोटी प्रतिमा की ऊंचाई महज 1.5 सेंटीमीटर है। कपड़े समेत विभिन्न सामग्रियों का इस्तेमाल कर इन प्रतिमाओं को बेहद बारीकी से तैयार किया गया है।
सोमा के अनुसार, बचपन से ही उन्हें प्रसिद्ध व्यक्तित्वों की लघु प्रतिमाएं बनाने का शौक रहा है। इससे पहले उनके हाथों से बनी छोटी दुर्गा प्रतिमा को काफी सराहना मिली थी। उन्होंने महात्मा गांधी और नेताजी सुभाष चंद्र बोस जैसी हस्तियों की लघु प्रतिमाएं भी बनाई है। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इन तीन लघु प्रतिमाओं को तैयार कर सोमा ने एक और अनोखी कलाकृति पेश की है।
उन्होंने इच्छा जताई है कि वह अपने हाथों से बनाई गई इन प्रतिमाओं को सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेंट करना चाहती है। प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। इसी क्रम में कूचबिहार जिला संगठन की ओर से भी एक महीने तक ‘सेवा संकल्प’ कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इस बीच सोमा की लघु कलाकृतियां लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

