आवास योजना की राशि लेकर घर नहीं बनाने का आरोप में शिकायत दर्ज, एक गिरफ्तार
पूर्व बर्दवान, 31 अगस्त (हि. स.)। गरीबों को पक्का घर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरकार की ओर से दी जाने वाली आवास योजना की सहायता राशि के कथित दुरुपयोग का मामला सामने आया है। पूर्व बर्दवान जिले के मंतेश्वर थाना क्षेत्र में आवास योजना के तहत राशि लेने के बावजूद घर का निर्माण नहीं कराने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।व्यक्ति की पहचान ममुदपुर गांव निवासी गोपाल दास के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने सरकारी आवास योजना के तहत घर निर्माण के लिए सहायता राशि प्राप्त की थी, लेकिन लंबे समय बीतने के बाद भी घर का निर्माण नहीं कराया। घर निर्माण शुरू नहीं होने पर मामले को लेकर प्रशासन के पास शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत मिलने के बाद मंतेश्वर थाने की पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपों में सच्चाई मिलने के बाद पुलिस ने रविवार को गोपाल दास को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आवास योजना की राशि किस प्रक्रिया के तहत प्राप्त की गई तथा सरकारी सहायता राशि का उपयोग घर निर्माण के बजाय कहां किया गया।
प्रशासन की ओर से आवास योजना की सरकारी राशि का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

