home page

सरकारी जमीन पर बिना अनुमति बना तीन मंजिला मकान, मालिक को नोटिस

 | 
सरकारी जमीन पर बिना अनुमति बना तीन मंजिला मकान, मालिक को नोटिस


कूचबिहार, 27 नवंबर (हि. स.)। जिले के दिनहाटा शहर में सरकारी खस जमीन पर अवैध रूप से तीन मंजिला मकान बनाने का गंभीर आरोप शुक्रवार को सामने आया है। आरोप है कि दिनहाटा नगरपालिका की अनुमति और वैध बिल्डिंग प्लान के बिना ही सरकारी जमीन पर इस बहुमंजिली इमारत का निर्माण कराया गया है। मामला सामने आने के बाद नगरपालिका प्रशासन हरकत में आ गया है। निर्माण से जुड़े मकान मालिक को सुनवाई के लिए नोटिस जारी किया गया है।

गौरतलब है कि करीब दो साल पहले भी दिनहाटा नगरपालिका में बिल्डिंग प्लान की मंजूरी को लेकर बड़े पैमाने पर अनियमितताओं के आरोप लगे थे। उस मामले में तत्कालीन नगरपालिका अध्यक्ष गौरीशंकर माहेश्वरी समेत कई नगरपालिका कर्मचारियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।

ऐसे में पुराने विवाद के बावजूद नगरपालिका की नजरों से बचकर शहर में तीन मंजिला इमारत का निर्माण कैसे हो गया, इसे लेकर स्थानीय लोगों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। लोगों ने इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की है। फिलहाल नगरपालिका प्रशासन ने सुनवाई का नोटिस जारी कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार