भीषण आग में घर जलकर खाक
सिलीगुड़ी, 16 सितंबर (हि. स.)। नक्सलबाड़ी के रायपाड़ा इलाके में बुधवार को अचानक एक घर में आग लग गई। दोपहर के समय घर से आग की लपटें उठती देख इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के वक्त घर खाली और बाहर से बंद था।
सूचना पाकर नक्सलबाड़ी दमकल विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक आग की चपेट में आने से पूरा घर जलकर खाक हो चुका था।
जानकारी के मुताबिक, जहांनारा खातून के परिवार के सदस्य रोजाना काम की तलाश में घर से बाहर निकलते हैं। बुधवार को भी परिवार के सभी सदस्य घर से बाहर थे, इसी दौरान बंद मकान में दोपहर आग लग गई।
आग में घर का पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया, जिससे परिवार के सामने बड़ी आर्थिक क्षति खड़ी हो गई है। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

