भीषण आग में घर जलकर राख, दमकल के देर से पहुंचने पर स्थानीय लोगों में आक्रोश
जलपाईगुड़ी, 04 सितंबर (हि. स.)। राजगंज ब्लॉक के बेलाकोबा स्थित स्टेशन कॉलोनी इलाके में गुरुवार देर रात एक घर में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। इस अग्निकांड में मिठाई कारोबारी जगदीश पाल केा घर जलकर पूरी तरह राख हो गया। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं हैं।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, गुरुवार देर रात जगदीश पाल के घर में अचानक आग लग गई। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। देखते ही देखते आग ने घर के कई हिस्सों को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। बताया जा रहा है कि करीब एक घंटे तक स्थानीय निवासियों के प्रयास के बाद आग पर काफी हद तक काबू पाया जा सका।
इसी बीच दमकल की गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची। दमकल के कथित तौर पर देर से पहुंचने को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी गई। दमकल कर्मियों को घेरकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। बाद में बेलाकोबा पुलिस चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

