home page

पत्नी की मौत के 24 घंटे बाद सड़क किनारे मिला पति का शव

 | 
पत्नी की मौत के 24 घंटे बाद सड़क किनारे मिला पति का शव


उत्तर दिनाजपुर, 13 अक्टूबर (हि. स.)। जिले के रायगंज में पत्नी की मौत के बाद पति का शव सड़क किनारे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अमल देवनाथ के रूप में हुई है। वह पेशे से निर्माण श्रमिक था।

परिजनों के अनुसार, अमल की पत्नी रुमकी देवनाथ की रविवार को बुखार से रायगंज मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। पत्नी की मौत से अमल मानसिक रूप से टूट गया था। सोमवार सुबह घर से निकलने के बाद वह लापता हो गया। काफी तलाश के बाद करनजोड़ा पुलिस चौकी इलाके से देर रात सड़क किनारे उसका शव मिला। अमल का डेढ़ साल का एक बेटा है। उसके माता-पिता दिल्ली में प्रवासी श्रमिक के रूप में काम करते हैं। बेटे की मौत की खबर मिलने के बाद वे रायगंज के लिए रवाना हो गए हैं। सूचना पाकर पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए रायगंज मेडिकल कॉलेज व अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार