कूचबिहार में भीषण सड़क हादसा, दो की मौत, चार घायल
कूचबिहार, 03 मई (हि.स.)। शहर के पास राजारहाट कालितला इलाके में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। एक छोटी कार और यात्रियों से भरे ऑटो के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कार राजारहाट से खागड़ाबाड़ी की ओर जा रही थी, तभी सामने से आ रहे ऑटो के साथ उसकी भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोग आवाज सुनकर तुरंत मौके पर पहुंच गए और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया। सभी घायलों को कूचबिहार एमजेएन मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है और उन्हें सीसीयू में रखा गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

