home page

हुगली जिले में केंद्रीय बल का रूट मार्च, चुनाव से पहले सुरक्षा सख्त

 | 
हुगली जिले में केंद्रीय बल का रूट मार्च, चुनाव से पहले सुरक्षा सख्त


हुगली, 02 मार्च (हि. स.)। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से केंद्रीय सुरक्षा बलों ने सोमवार को रूट मार्च किया। सोमवार को हुगली जिला के आरामबाग, तारकेश्वर और मोगरा ब्लॉक के अंतर्गत दीगसू–होएड़ा ग्राम पंचायत क्षेत्र के चांपरुई गांव में केंद्रीय बल के जवानों ने गांव के विभिन्न हिस्सों में पैदल मार्च किया।

रूट मार्च का मुख्य उद्देश्य संवेदनशील इलाकों में कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लेना, किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाना था। मार्च के दौरान केंद्रीय बल के जवानों ने स्थानीय लोगों से संवाद किया और उनसे शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में निर्भीक होकर भाग लेने की अपील की।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, चुनाव से पहले जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में केंद्रीय बल की तैनाती की गई है और लगातार रूट मार्च किए जा रहे हैं, ताकि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित किया जा सके। इस दौरान स्थानीय पुलिस प्रशासन भी केंद्रीय बल के साथ मौजूद रहा और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करता रहा।

केंद्रीय बल की सक्रिय मौजूदगी से इलाके में लोगों के बीच सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ा है।

ग्रामीणों का कहना है कि रूट मार्च से असामाजिक तत्वों में डर बना है और आम जनता खुद को पहले से अधिक सुरक्षित महसूस कर रही है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में भी जिले के अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में इसी तरह की गतिविधियां जारी रहेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय