home page

सिंगुर में डंपर से टकराई ट्रक, चार की मौत व छह घायल

 | 
सिंगुर में डंपर से टकराई ट्रक, चार की मौत व छह घायल


हुगली, 01 मई (हि. स.)। जिले के सिंगुर के रतनपुर इलाके में दुर्गापुर एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई जबकि छह अन्य घायल हो गए। मृतकों की पहचान परितोष कीर्तनिया, काजल कीर्तनिया, फुली मुखर्जी और मितु बाग के रूप में हुई है। सभी डानकुनी के निवासी थे।

मिली जानकारी के अनुसार, एक परिवार गया से पिंडदान कर छोटे ट्रक में सवार होकर डानकुनी स्थित अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान कोलकाता की ओर जा रही लेन में खड़े एक डंपर के पीछे उनकी ट्रक तेज रफ्तार में टकरा गई।इस हादसे में एक दंपति और उनकी दो विवाहित बेटियों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना में छह अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर माना जा रहा है कि खड़े डंपर को समय पर नहीं देख पाने के कारण यह दुर्घटना हुई।

हादसे से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय