home page

हुगली मोहसिन कॉलेज में प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना को लेकर जागरूकता कार्यक्रम, विधायक सुबीर नाग रहे मौजूद

 | 
हुगली मोहसिन कॉलेज में प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना को लेकर जागरूकता कार्यक्रम, विधायक सुबीर नाग रहे मौजूद


हुगली, 19 नवंबर (हि. स.)। युवाओं के कौशल विकास और रोजगार के नए अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से चुंचुड़ा स्थित हुगली मोहसिन कॉलेज में गुरुवार को प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में चुंचुड़ा के विधायक सुबीर नाग उपस्थित रहे।

भारत सरकार के कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय की पहल पर तथा हुगली गवर्नमेंट आईटीआई के सहयोग से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य युवक-युवतियों को प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के अवसरों, लाभों और रोजगार से जुड़ी संभावनाओं के बारे में जानकारी देना था।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सुबीर नाग ने कहा कि देश के युवाओं के कौशल विकास, वास्तविक कार्यक्षेत्र में अनुभव प्राप्त करने और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने में यह योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

कार्यक्रम में युवाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने और अपने कौशल को विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि कुशल युवा ही आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत हैं। इसी लक्ष्य के साथ बंगाल के युवक-युवतियों तक इस योजना की जानकारी पहुंचाने पर जोर दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय