home page

हुगली मोड़ पर फर्नीचर गोदाम में भीषण आग, करीब 80 लाख रुपये के नुकसान का दावा

 | 
हुगली मोड़ पर फर्नीचर गोदाम में भीषण आग, करीब 80 लाख रुपये के नुकसान का दावा


हुगली, 15 अक्टूबर (हि. स.)। हुगली मोड़ के निकट जीवन पाल के बागान इलाके में गुरुवार दोपहर एक फर्नीचर गोदाम में भयावह आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल विभाग की दो गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक गोदाम में रखा पूरा फर्नीचर और अन्य सामान जलकर नष्ट हो चुका था। गोदाम के मालिक ने अग्निकांड में करीब 80 लाख रुपये के सामान के नुकसान का दावा किया है।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, हुगली मोड़ स्थित फर्नीचर दुकान लोकनाथ इंटरप्राइजेज के निकटवर्ती गोदाम में गुरुवार दोपहर करीब एक बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। गोदाम से उठती आग की लपटों को देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी, जिसके बाद दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।

दुकान के मालिक सौरभ बाला ने बताया कि आसपास के लोगों से आग लगने की सूचना पाकर वह घटनास्थल पर पहुंचे। उस समय गोदाम में आग तेजी से फैल रही थी। दमकलकर्मियों ने काफी प्रयास के बाद आग पर नियंत्रण पाया, लेकिन तब तक गोदाम में रखा सारा सामान जल चुका था। उनके अनुसार, गोदाम में करीब 80 लाख रुपये मूल्य का फर्नीचर और अन्य सामान रखा हुआ था।

अग्निकांड के बाद इलाके में चिंता का माहौल है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटना के वास्तविक कारणों और नुकसान का विस्तृत आकलन जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय