home page

हुगली में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, नामी कंपनियों के नाम पर मिलावटी तेल का खेल उजागर

 | 

हुगली, 05 सितंबर (हि. स.)।जिले के पुरशुड़ा में नामी कंपनियों के नाम वाले पैकेट और टिन में कथित तौर पर मिलावटी तेल भरकर बेचने के एक बड़े मामले का खुलासा हुआ है। खाद्य सुरक्षा विभाग और ब्लॉक प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में शनिवार को करीब 11 लाख रुपये मूल्य का मिलावटी तेल जब्त किया गया।

आरोप है कि बड़े-बड़े ब्रांडों के नाम वाले टिन में मिलावटी तेल भरने के बाद उन्हें सील कर बाजार में बेचा जा रहा था। खाद्य सुरक्षा विभाग और प्रशासन की टीम ने पुरशुड़ा बाजार स्थित एक कारोबारी के गोदाम पर अचानक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान करीब 470 टिन तेल जब्त किए गए।

इस कारोबार को रवींद्रनाथ साधुखां नामक कारोबारी द्वारा संचालित किए जाने का आरोप है। अधिकारियों ने तेल के नमूने एकत्र कर उन्हें प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद तेल की वास्तविक गुणवत्ता और मिलावट की स्थिति स्पष्ट होगी।

बताया जा रहा है कि लोगों को कम कीमत पर तेल उपलब्ध कराने के नाम पर इस कथित मिलावटी तेल की बिक्री की जा रही थी। कार्रवाई के बाद इलाके में हलचल मच गई है।

इधर, खाद्य सुरक्षा सप्ताह के तहत चंदननगर में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कई होटल, रेस्तरां और कैटरिंग प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। बड़ाबाजार, लालबागान, रथेर सड़क समेत विभिन्न इलाकों में अभियान चलाया गया।

अधिकारियों की जांच के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में कथित रूप से सड़ा हुआ मांस, मछली, झींगा और पहले से तैयार रखा हुआ भोजन पाए जाने की बात सामने आई। कुछ खाद्य पदार्थों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

इसके अलावा कई जगहों पर खाना बनाने की जगहों में अस्वच्छ वातावरण पाया गया। अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालकों को सफाई व्यवस्था में सुधार करने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने का निर्देश दिया। संबंधित कारोबारियों को सात दिनों के भीतर आवश्यक सुधार करने का नोटिस भी दिया गया।

अधिकारियों के मुताबिक, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर अभियान आगे भी जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय