अवैध वसूली और अनियमितताओं के आरोपों के बीच तृणमूल पंचायत प्रधान और उपप्रधान पर अंडों से हमला
हुगली, 28 जुलाई (हि. स.)। जिले के सिंगूर विधानसभा क्षेत्र स्थित बैंचीपोता ग्राम पंचायत में मंगलवार सुबह तृणमूल कांग्रेस की पंचायत प्रधान मायावती कर्मकार और उपप्रधान नवकुमार बाग पर आक्रोशित लोगों ने अंडे फेंके और उनके साथ मारपीट की। घटना को लेकर इलाके में तनाव फैल गया। पुलिस दोनों को भीड़ से सुरक्षित निकालकर सिंगूर थाने ले गई।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पंचायत प्रधान और उपप्रधान पर सरकारी योजनाओं में कथित अवैध वसूली लेने तथा पंचायत के कार्यों में वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाए जा रहे थे। इसी को लेकर बड़ी संख्या में लोग पंचायत कार्यालय के बाहर एकत्र हुए। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान प्रधान मायावती कर्मकार को बैठाकर उनके सिर पर अंडे फेंके गए। कुछ महिलाओं ने उन्हें जमीन पर गिराकर जूतों से पीटा और गले में जूतों की माला भी पहनाई। उपप्रधान नवकुमार बाग भी अंडे फेंके जाने का शिकार हुए।
घटना की सूचना पाकर सिंगूर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों जनप्रतिनिधियों को भीड़ के बीच से निकालकर थाने ले गई। पुलिस के अनुसार, मामले में अब तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
घटना के बाद आरोप लगाया गया कि प्रदर्शन को उकसाने में भाजपा कार्यकर्ताओं की भूमिका रही। हालांकि, इस संबंध में भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में पश्चिम बंगाल में विभिन्न स्थानों पर जनप्रतिनिधियों पर अंडे फेंकने की घटनाएं लगातार सामने आई हैं। पिछले सप्ताह विधानसभा में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा था कि अंडे फेंकना बंगाल की संस्कृति नहीं है और मैं इसका समर्थन नहीं करता।
वहीं, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने भी इस तरह की घटनाओं की निंदा की थी। इसके बावजूद ऐसी घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

