‘मेरा कोई एजेंट या दलाल नहीं’, मोबाइल नंबर सार्वजनिक कर बोले हुगली डीपीएससी के नए अध्यक्ष मधुसूदन बाग
हुगली, 14 अक्टूबर (हि. स.)। हुगली जिला प्राथमिक शिक्षा परिषद (डीपीएससी) के नवनियुक्त अध्यक्ष और अरामबाग के पूर्व भाजपा विधायक मधुसूदन बाग ने बुधवार को चुंचुड़ा स्थित परिषद कार्यालय में पदभार संभाला। हुगली जिला प्राथमिक विद्यालय निरीक्षक स्वपन गिरि ने उन्हें कार्यभार सौंपा। इस दौरान गोघाट के विधायक प्रशांत दिगर भी मौजूद रहे।
पदभार ग्रहण करने के बाद मधुसूदन बाग ने अपना मोबाइल नंबर सार्वजनिक करते हुए कहा कि उनका कोई एजेंट या दलाल नहीं है। उन्होंने लोगों से फोन और व्हाट्सऐप के जरिए सीधे संपर्क करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकारी सुविधाओं का लाभ पाने के लिए बिचौलियों पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं है और उनका लक्ष्य पारदर्शिता के साथ काम करना है।
शिक्षा व्यवस्था में सुधार पर जोर देते हुए उन्होंने स्कूल छोड़ चुके बच्चों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने, विद्यालयों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और पिछले 15 वर्षों में शिक्षा क्षेत्र में आई गिरावट को दूर करने की बात कही।
वहीं, विधायक प्रशांत दिगर ने कहा कि शिक्षण संस्थानों को राजनीति से मुक्त रखा जाना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में शिक्षा व्यवस्था में राजनीतिक हस्तक्षेप कम होगा और विद्यालयों में शैक्षणिक वातावरण मजबूत बनेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

