आरामबाग महकमे के विधायकों की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न
हुगली, 20 मई (हि. स.)। जिलाधिकारी कार्यालय में बुधवार को आरामबाग महकमे की बाढ़ स्थिति और आपदा प्रबंधन की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आरामबाग महकमे के विभिन्न विधायक और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में मुख्य रूप से बाढ़ की स्थिति के दौरान आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और राहत व आवश्यक सेवाएं तेजी से पहुंचाने के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के बाद विधायक प्रशांत दिगर ने बताया कि आरामबाग महकमा बाढ़ प्रभावित क्षेत्र होने के कारण हर वर्ष बारिश के मौसम में बड़ी संख्या में लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इसी वजह से इस बार पहले से तैयारी और प्रशासनिक समन्वय पर विशेष जोर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि बैठक में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और जिला परिषद के अधीन विभिन्न सड़कों की स्थिति तथा आपदा प्रबंधन विभाग के अंतर्गत आने वाले कई पुलों की वर्तमान स्थिति की भी समीक्षा की गई। किन क्षेत्रों में तत्काल मरम्मत की आवश्यकता है और बाढ़ के दौरान यातायात व्यवस्था सामान्य बनाए रखने के लिए क्या कदम उठाए जाने चाहिए, इस पर भी चर्चा हुई।
विधायक ने कहा कि बाढ़ के समय आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधि मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। साथ ही राहत सामग्री और आपातकालीन सेवाएं तेजी से लोगों तक पहुंचाने पर भी बैठक में विशेष महत्व दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

