अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य के साथ आस्था का महासंगम, गंगा नदी के घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
हुगली, 15 नवंबर (हि. स.)। आस्था की अविरल धारा, लोकपरंपरा की सुगंध और सूर्य उपासना की अलौकिक छटा के बीच रविवार को पूरे देश के साथ हुगली जिले में छठ महापर्व का तीसरा दिन श्रद्धा एवं उल्लास के साथ संपन्न हुआ। अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर व्रतियों ने परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की। इस अवसर पर रिषड़ा नगरपालिका क्षेत्र के सभी 12 छठ घाट श्रद्धालुओं की भीड़ से गुलजार रहे। छठ गीतों की गूंज और दीपों की जगमगाहट ने पूरे नगर को भक्तिरस में सराबोर कर दिया।
रंग-बिरंगी विद्युत सज्जा से सजे घाटों की छटा देखते ही बन रही थी। घाटों के साथ घरों की छतों और आंगनों में भी अस्थायी घाट बनाकर सूर्यदेव की आराधना की गई। आस्था का यह दृश्य रिषड़ा के हर कोने में छठ की महिमा बयां कर रहा था।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए थे। भाजपा श्रीरामपुर सांगठनिक जिलाध्यक्ष शशि सिंह झा ने समर्थकों के साथ सभी 12 घाटों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने व्रतियों को शुभकामनाएं देते हुए शांति और सतर्कता के साथ पर्व मनाने की अपील की।
वहीं, रिषड़ा थाना प्रभारी परमेश्वर प्रमाणिक पुलिसकर्मियों के साथ घाटों पर लगातार निगरानी करते रहे। नदी में स्पीड बोट से गश्त की गई, जबकि रिषड़ा के तीन और चार नंबर गेट के समीप आरपीएफ एवं जीआरपी के जवानों की तैनाती रही।
उधर, उत्तरपाड़ा के विधायक दीपांजन चक्रवर्ती ने लॉन्च के जरिए विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने व्रतियों से मिलकर पर्व की शुभकामनाएं दीं और सुरक्षा एवं सतर्कता का संदेश दिया।
गौरतलब है कि रिषड़ा, चांपदानी और बांसबेरिया में पूर्वांचल की बड़ी आबादी निवास करती है। यही वजह है कि इन क्षेत्रों में छठ महापर्व पूर्वांचल की लोकसंस्कृति और पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुरूप विशेष श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया जाता है।
आस्था, अनुशासन और सामुदायिक सहभागिता के बीच छठ का तीसरा दिन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। रविवार की भोर में उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

