भद्रेश्वर में ड्रम से गला कटा युवक का शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस
हुगली, 25 मार्च (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के मेरठ में हुए चर्चित ‘नीले ड्रम’ हत्याकांड जैसी घटना अब पश्चिम बंगाल के भद्रेश्वर में सामने आई है, जहां एक अज्ञात युवक का गला कटा शव नीले ड्रम से बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह श्वेतपुर इलाके में दिल्ली रोड किनारे झाड़ियों के पास एक नीला ड्रम संदिग्ध हालत में पड़ा मिला। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब ड्रम को खोला, तो उसके अंदर बोरे में लिपटा युवक का शव मिला। बताया जा रहा है कि युवक का गला कटा हुआ था और शरीर आंशिक रूप से जला हुआ था।
घटना की सूचना पाकर चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारी और भद्रेश्वर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए चुचुड़ा इमामबाड़ा जिला अस्पताल भेज दिया गया है। खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी थी।
प्राथमिक जांच में पुलिस का अनुमान है कि युवक की हत्या कहीं और की गई और शव को नीले ड्रम में भरकर भद्रेश्वर में फेंक दिया गया। पुलिस मृतक की पहचान करने और आरोपितों का पता लगाने में जुटी है।
इस घटना के बाद मेरठ के चर्चित हत्याकांड की याद ताजा हो गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

