home page

चुनाव 26: हुगली जिले में भाजपा और तृणमूल उम्मीदवारों का शक्ति प्रदर्शन, भव्य रैलियों के साथ दाखिल किए पर्चे

 | 
चुनाव 26: हुगली जिले में भाजपा और तृणमूल उम्मीदवारों का शक्ति प्रदर्शन, भव्य रैलियों के साथ दाखिल किए पर्चे


हुगली, 06 अप्रैल (हि.स.)। जिले में विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर नामांकन प्रक्रिया के दौरान सोमवार को भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवारों ने जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में भव्य रैलियों, पूजा-अर्चना और समर्थकों की भारी भीड़ के बीच उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया।

सप्तग्राम विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार स्वराज घोष ने चुचुड़ा एसडीओ कार्यालय में अपना नामांकन दाखिल किया। इससे पहले उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना की और भगवान भगवान श्रीराम की प्रतिमा के साथ करीब 10 किलोमीटर लंबी भव्य रैली निकाली। इस दौरान हजारों भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। घोष ने दावा किया कि सप्तग्राम की जनता “बाहुबली सिस्टम” को नकारते हुए भाजपा को वोट देगी और उनकी जीत निश्चित है।

वहीं, चंदननगर में तृणमूल नेता बेचाराम मान्ना ने अपनी पत्नी डॉ. करबी मान्ना के साथ भव्य रैली के बीच चंदननगर एसडीओ कार्यालय में नामांकन दाखिल किया। नामांकन से पहले उन्होंने डाकात काली मंदिर और सन्यासी घाट आश्रम में पूजा की।

चंदननगर विधानसभा सीट से इंद्रनील सेन ने भी सब-डिविजनल ऑफिस में अपना नामांकन दाखिल किया।

इसके अलावा चुचुड़ा जिलाधिकारी कार्यालय में धनियाखाली विधानसभा क्षेत्र से बरनाली दास और पांडुआ से तुषार मजूमदार ने नामांकन भरा। वहीं चुचुड़ा एसडीओ कार्यालय में चुचुड़ा विधानसभा सीट से सुबीर नाग और बालागढ़ से सुमना सरकार ने भी अपने नामांकन दाखिल किए।

कुल मिलाकर, हुगली जिले में नामांकन के दौरान दोनों प्रमुख दलों ने शक्ति प्रदर्शन कर चुनावी मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय