हुगली में चुनाव प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक पार्टियों के साथ बैठक, नामांकन और ‘सुविधा’ ऐप पर दी गई जानकारी
हुगली, 26 मार्च (हि. स.)। आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के मद्देनजर हुगली के जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने 25 मार्च को राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में नामांकन प्रक्रिया, चुनाव एजेंट और पोलिंग एजेंट की पात्रता तथा ‘सुविधा’ ऐप के उपयोग को लेकर विस्तार से जानकारी दी गई।
हुगली जिला सूचना और संस्कृति विभाग की ओर से गुरुवार को एक विज्ञप्ति जारी कर बताया गया कि बैठक के दौरान नामांकन की पूरी प्रक्रिया, समय-सारिणी और नामांकन पत्र जमा करते समय अपनाए जाने वाले नियमों एवं प्रोटोकॉल की विस्तार से व्याख्या की गई। साथ ही, नामांकन से संबंधित सभी आवश्यक प्रपत्रों (फॉर्म) की हार्ड कॉपी भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गई, ताकि वे पहले से तैयारी कर सकें और नामांकन में किसी प्रकार की त्रुटि न हो।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने पोलिंग एजेंट और चुनाव एजेंट की नियुक्ति से जुड़े नियमों और प्रक्रियाओं को भी विस्तार से समझाया। इसके साथ ही, भारत निर्वाचन आयोग के संबंधित दिशा-निर्देश भी प्रतिनिधियों को सौंपे गए।
बैठक में राजनीतिक दलों को ‘सुविधा’ परमिशन ऐप के बारे में भी जानकारी दी गई, जिसके माध्यम से चुनाव प्रचार के लिए आवश्यक अनुमतियां ऑनलाइन प्राप्त की जा सकती हैं। इसके अलावा, मतदाता सूची से जुड़े वाद-निपटान (एडजुडिकेशन) मामलों के आधार पर जारी पूरक सूची (सप्लीमेंट्री लिस्ट) को कैसे देखा और डाउनलोड किया जा सकता है, इसकी भी जानकारी दी गई।
इस संबंध में यह भी बताया गया कि उपमंडल, प्रखंड कार्यालयों और जिला निर्वाचन कार्यालय में हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं, जहां राजनीतिक पार्टी अपनी शंकाओं का समाधान कर सकते हैं।
बैठक के अंत में सभी राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों को अपने सुझाव और विचार रखने के लिए आमंत्रित किया गया। उपस्थित सभी सदस्यों ने बैठक में दी गई जानकारी और व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

