home page

करंट की चपेट में आने से गृह शिक्षक की मौत, बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप

 | 

जलपाईगुड़ी, 18 सितंबर (हि.स.)। जिले के धूपगुड़ी ब्लॉक के माकुरमारी-2 ग्राम पंचायत के चौरंगी इलाके में बिजली के तार की चपेट में आने से गृह शिक्षक राजेंद्र महतो की मौत हो गई। घटना गुरुवार देर रात करीब की है।

जानकारी के मुताबिक, राजेंद्र ट्यूशन पढ़ाकर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज बारिश के बीच सड़क पर अचानक बिजली का तार टूटकर गिर पड़ा। मोटरसाइकिल समेत तार की चपेट में आने से वह सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग को कई बार फोन कर बिजली काटने की मांग की, लेकिन समय पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने का आरोप है। स्थानीय लोगों ने खुद ट्रांसफॉर्मर बंद कर बिजली आपूर्ति काटी। हालांकि, तब तक राजेंद्र की मौत हो चुकी थी। घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए देर रात तक प्रदर्शन किया।

लोगों का आरोप है कि इलाके में कई स्थानों पर बिजली के तार लंबे समय से खतरनाक स्थिति में झूल रहे हैं और शिकायतों के बावजूद उन्हें ठीक नहीं किया गया है। सूचना पाकर धुपगुड़ी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। प्रदर्शनकारियों ने शव को ले जाने से भी रोक दिया और रात करीब डेढ़ बजे तक विरोध जारी रहा। बाद में बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों और पुलिस की ओर से मृतक के परिवार को सरकारी नियमों के अनुसार मुआवजा देने तथा इलाके में क्षतिग्रस्त और जोखिमपूर्ण बिजली के तारों की जल्द मरम्मत कराने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जलपाईगुड़ी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल भेज दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार