home page

दार्जीलिंग दौरे पर आएंगे गृह मंत्री अमित शाह, गोरखा समुदाय और विकास मुद्दों पर होगी चर्चा

 | 

दार्जीलिंग, 07 अगस्त (हि. स.)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जल्द ही दार्जिलिंग दौरे पर आ सकते हैं। राज्यसभा सांसद हर्षवर्धन श्रिंगला ने इस प्रस्तावित दौरे की जानकारी देते हुए कहा कि यह यात्रा गोरखा समुदाय की आकांक्षाओं और दार्जिलिंग पहाड़ियों के विकास से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा का महत्वपूर्ण अवसर होगी।

श्रिंगला ने गुरुवार को नई दिल्ली में अमित शाह से मुलाकात की, जहां गोरखा समुदाय से जुड़े विभिन्न मुद्दों और दार्जिलिंग क्षेत्र के विकास को लेकर विस्तृत बातचीत हुई। उन्होंने बताया कि गृह मंत्री ने देश के प्रति गोरखा समुदाय के योगदान को सराहा और उनकी पहचान व आकांक्षाओं को उचित सम्मान देने की आवश्यकता पर सहमति जताई।

श्रिंगला के अनुसार, बैठक के दौरान सड़क और परिवहन, बुनियादी ढांचा, पर्यटन, रोजगार के अवसर और उत्तर बंगाल क्षेत्र में समग्र विकास को मजबूत करने जैसे विषयों पर भी सार्थक चर्चा हुई।

उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि अमित शाह का प्रस्तावित दार्जिलिंग दौरा इन सभी मुद्दों पर सीधे संवाद का अवसर देगा। संभावना है कि इस दौरे के दौरान श्रिंगला भी उनके साथ मौजूद रहेंगे।

यह दौरा दार्जिलिंग पहाड़ियों में विकास, कनेक्टिविटी और रोजगार जैसे अहम मुद्दों पर केंद्र और क्षेत्र के बीच संवाद को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार