संतरागाछी-यशवंतपुर होली स्पेशल और पुरी-ऋषिकेश एक्सप्रेस के नए ठहराव
खड़गपुर, 02 मार्च (हि.स.)। आगामी होली के त्योहार के दौरान रेल यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे ने संतरागाछी और यशवंतपुर के बीच एक विशेष ट्रेन चलाने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।
रेलवे अधिकारियों ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी कि, रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार, ट्रेन संख्या (06234) संतरागाछी-यशवंतपुर होली स्पेशल आगामी तीन मार्च को संतरागाछी स्टेशन से दोपहर 14:45 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन अपनी लंबी यात्रा तय करते हुए तीसरे दिन तड़के चार बजे यशवंतपुर पहुंचेगी।
दक्षिण पूर्व रेलवे के अधिकार क्षेत्र में इस ट्रेन का प्रमुख ठहराव बालेश्वर स्टेशन पर तय किया गया है, जिससे ओडिशा और पश्चिम बंगाल के रेल यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा।
वहीं, सोमवार शाम दक्षिण पूर्व रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए एक और महत्वपूर्ण निर्णय की जानकारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी। रेलवे ने बताया कि राखा माइन्स स्टेशन पर पुरी-योग नगरी ऋषिकेश-पुरी एक्सप्रेस का अस्थायी ठहराव दिया जाएगा।
यह सेवा चार मार्च से शुरू हो रही है। इसके तहत, गाड़ी संख्या 18477 (पुरी से ऋषिकेश) सुबह 04:50 बजे पहुंचेगी और 04:51 बजे प्रस्थान करेगी। वहीं, वापसी में गाड़ी संख्या 18478 (ऋषिकेश से पुरी) शाम 18:48 बजे पहुंचेगी और 18:49 बजे रवाना होगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह ठहराव फिलहाल प्रायोगिक आधार पर दिया गया है और यह अगले आदेश तक लागू रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

