रिषड़ा में होली मिलन समारोह और हास्य कवि सम्मेलन, कवियों ने बिखेरे हंसी के रंग
हुगली, 08 मार्च (हि. स.)। जिले के रिषड़ा स्थित स्काई सिटी कॉम्प्लेक्स के सभागार में स्काई सिटी फ्रेंड्स एसोसिएशन की ओर से होली मिलन समारोह एवं हास्य कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों से आए हास्य और व्यंग्य कवियों ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को खूब गुदगुदाया। कविताओं के दौरान सभागार कई बार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और पूरे कार्यक्रम में उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा।
इस अवसर पर राष्ट्रीय हास्य-व्यंग्य कवि जय कुमार ‘रसवा’, कवयित्री मंजू कुमारी, हास्य-व्यंग्य कवि आदित्य त्रिपाठी, हास्य कवि अवधेश मिश्रा तथा डॉ. राजकुमार चतुर्वेदी ने अपनी रचनाओं की प्रस्तुति दी। कवियों ने सामाजिक विषयों के साथ-साथ होली के रंगों और समसामयिक मुद्दों पर आधारित कविताओं से लोगों का भरपूर मनोरंजन किया।
कार्यक्रम का संचालन और संयोजन वीर रस कवि एवं गीतकार नवीन कुमार सिंह ने किया। होली के रंगों के साथ हास्य और व्यंग्य से सजी यह शाम उपस्थित लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं के सम्मान में विशेष हास्य-व्यंग्यात्मक कविताएं भी प्रस्तुत की गईं। कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक महिला-पुरुष, युवा और बच्चों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर इस सांस्कृतिक संध्या का आनंद उठाया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

