कूचबिहार जिला परिषद की सभाधिपति चुनी गई हिमानी ईशोर
कूचबिहार, 14 अक्टूबर (हि. स.)। कूचबिहार जिला परिषद की नई सभाधिपति के रूप में हिमानी ईशोर निर्विरोध निर्वाचित हुईं। बुधवार को जिला परिषद में सभाधिपति के चुनाव के लिए बैठक आयोजित की गई, जिसमें उन्हें निर्विरोध चुना गया।
कूचबिहार जिला परिषद की कुल 34 सीटों में से चुनाव में तृणमूल कांग्रेस ने 32 और भाजपा ने दो सीटें जीती थी। उस समय सुमिता बर्मन सभाधिपति बनी थी। हालांकि, राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद तृणमूल कांग्रेस के कुछ सदस्यों ने सुमिता बर्मन के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया, जिसके बाद उन्हें पद से हटा दिया गया। इसके बाद रिक्त हुए पद पर हिमानी ईशोर को नया सभाधिपति चुना गया।
हिमानी ईशोर किस राजनीतिक दल या तृणमूल कांग्रेस के किस गुट के साथ हैं, इस पर उन्होंने अपना रुख स्पष्ट नहीं किया है। हालांकि, जिला परिषद की बैठक के दस्तावेजों में उन्हें एआईटीसी (तृणमूल कांग्रेस) का सदस्य बताया गया है।
सभाधिपति चुने जाने के बाद हिमानी ईशोर ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि मैं जिले के विकास के लिए काम करना चाहती हूं।
चुनाव के दौरान भाजपा के दोनों सदस्य अनुपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

