home page

पश्चिम बंगाल उच्च माध्यमिक तृतीय सेमेस्टर का परिणाम जारी, 95.58 प्रतिशत के साथ नदिया शीर्ष पर

 | 

कोलकाता, 27 नवंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल उच्च माध्यमिक शिक्षा संसद ने शुक्रवार को उच्च माध्यमिक के तृतीय सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया। संसद की ओर से दोपहर करीब ढाई बजे परिणाम जारी किए गए, जिसके बाद अपराह्न तीन बजे से परीक्षार्थी आधिकारिक वेबसाइट और मोबाइल ऐप के माध्यम से अपना परिणाम देख सके। इस अवसर पर उच्च माध्यमिक शिक्षा संसद के अध्यक्ष असित मंडल ने पत्रकार वार्ता कर नतीजों का विवरण साझा किया।

गौरतलब है कि हर वर्ष की भांति इस बार परिणाम के साथ राज्य स्तरीय मेधा सूची (मेरिट लिस्ट) जारी नहीं की गई है। शिक्षा संसद ने स्पष्ट किया है कि अगले सेमेस्टर के परिणामों की घोषणा के समय संपूर्ण राज्यव्यापी मेधा सूची प्रकाशित की जाएगी। हालांकि, शुक्रवार को संसद की ओर से जिलावार प्रदर्शन और उत्तीर्ण प्रतिशत के आंकड़े जारी किए गए।

जिलावार आंकड़ों के अनुसार, इस बार उच्च माध्यमिक में उत्तीर्ण प्रतिशत के मामले में नदिया जिले ने राज्य में प्रथम स्थान हासिल किया है, जहां 95.58 प्रतिशत परीक्षार्थी सफल रहे हैं। 95.09 प्रतिशत के साथ पूर्व मेदिनीपुर दूसरे और 95.08 प्रतिशत के साथ हावड़ा तीसरे स्थान पर रहा। वहीं, दक्षिण 24 परगना 95.07 प्रतिशत के साथ चौथे और हुगली 94.61 प्रतिशत के साथ पांचवें पायदान पर रहा।

तालिका में उत्तर 24 परगना 94.54 प्रतिशत के साथ छठे और पश्चिम मेदिनीपुर 93.84 प्रतिशत के साथ सातवें स्थान पर है। राजधानी कोलकाता इस सूची में आठवें स्थान पर रहा, जहां उत्तीर्ण प्रतिशत 93.45 दर्ज किया गया। इसके अतिरिक्त 93.10 प्रतिशत के साथ पूर्व बर्दवान नौवें, उत्तर बंगाल का दक्षिण दिनाजपुर जिला 93.06 प्रतिशत के साथ दसवें, कालिम्पोंग 91.99 प्रतिशत के साथ ग्यारहवें तथा झाड़ग्राम 91.88 प्रतिशत उत्तीर्ण दर के साथ बारहवें स्थान पर रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गंगा