home page

जलपाईगुड़ी जिला स्कूल में प्रधान शिक्षक से मारपीट मामले में शिक्षा विभाग सख्त, उच्चस्तरीय जांच के आदेश

 | 
जलपाईगुड़ी जिला स्कूल में प्रधान शिक्षक से मारपीट मामले में शिक्षा विभाग सख्त, उच्चस्तरीय जांच के आदेश


जलपाईगुड़ी, 09 सितंबर (हि.स.)। जलपाईगुड़ी जिला स्कूल के प्रधान शिक्षक से कथित मारपीट के मामले में अब राज्य स्कूल शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। शिक्षा विभाग ने घटना की पूरी जांच कर जल्द रिपोर्ट सौंपने का निर्देश जिला विद्यालय निरीक्षक को दिया है।

स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव विनोद कुमार ने निर्देश दिया है कि प्रधान शिक्षक को धक्का देकर गिराए जाने से पहले स्कूल परिसर में आखिर क्या हुआ था और छात्रों ने इस तरह का व्यवहार क्यों किया, इसकी पूरी घटनाक्रमवार जांच की जाए। साथ ही प्रधान शिक्षक के खिलाफ पहले से कोई आंतरिक शिकायत या छात्रों में असंतोष था या नहीं, इसकी भी जांच करने को कहा गया है।

सूत्रों के अनुसार, शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को कार्यक्रम आयोजित नहीं हो सका था। मंगलवार को जलपाईगुड़ी जिला स्कूल में शिक्षकों की ओर से विशेष मिड-डे मील और भोजन का आयोजन किया गया था। इसी आयोजन के दौरान विवाद बढ़ने का आरोप है।

आरोप है कि दसवीं कक्षा के कुछ छात्र मिड-डे मील के कमरे में जानकारी लेने पहुंचे थे। इसी दौरान प्रधान शिक्षक धर्मचंद बारुई कथित तौर पर छात्रों पर नाराज हो गए। छात्रों ने आरोप लगाया कि स्कूल में लंबे समय से मिड-डे मील की गुणवत्ता बेहद खराब थी और खाना बनाने की सामग्री चोरी होने जैसी शिकायतें भी सामने आ रही थी। इन आरोपों के बाद स्कूल के अन्य छात्रों में भी नाराजगी फैल गई। स्थिति बिगड़ने के बाद छात्रों ने कथित तौर पर ‘वी वांट जस्टिस’ के नारे लगाए और प्रधान शिक्षक को घेर लिया।

आरोप है कि छात्रों ने उनके साथ मारपीट करते हुए उन्हें स्कूल परिसर से बाहर निकाल दिया। मारपीट के दौरान प्रधान शिक्षक के घायल होने की बात सामने आई है। उनके नाक और मुंह से खून निकलने की भी जानकारी मिली। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और प्रधान शिक्षक को वहां से सुरक्षित निकाला।

शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान यदि किसी के खिलाफ आरोप साबित होते हैं या किसी तरह की अनियमितता सामने आती है, तो दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार